सितारगंज। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर उत्तराखंड के निवासियों के सपनों का राज्य बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में सभी वर्ग त्रस्त हैं। महंगाई ने जनता की कमर तोड़कर रख दी हैं। रावत यहां रामलीला मैदान में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी फकीर सिंह कन्याल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार की ध्यान खनन पर है किसानों के लिए खाद पर नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता उबरेगी और पूर्व की स्थिति में आयेगी। कांग्रेस कुछ अमीरों का ही भला नहीं चाहती वरन सुदूर गांवों के गरीब व पिछड़ों का भी विकास चाहती है। उन्हें विकास योजनाओं से जोड़कर माडल राज्य बनाना चाहती है। उनका कहना था कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काफी काम किया है। महिलाओं के लिए तक पेंशन की व्यवस्था की थी। हालांकि बाद की सरकार ने इसे बंद कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने कन्याओं के हित में जो योजनायें चलाई थीं भाजपा सरकार ने उनका कचूमर निकाल दिया। यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो इसकी स्थिति सुधारी जायेगी। पांच साल के दौरान महिलाओं को राज्य की आर्थिकी से जोड़ा जायेगा। उनका आरोप था कि वर्तमान में सत्ता में बैठे लोग सिर्फ बातें करते हैं काम करना नहीं जानते। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहले ही साल में सरकारी विभागों के सभी पद भर दिये जायेंगे। बाद में प्रति वर्ष दस प्रतिषत का इजाफा किया जायेगा। इनमें तीन प्रतिशत पद पूर्व सैनिकों के लिए होंगे। राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन सम्मानजनक तरीके से बढ़ाई जायेगी। प्रदेश में बिजली व पानी की समुचित व्यवस्था की जायेगी। रावत ने राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती व पूर्व सैनिकों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम भी हुये। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक नारायण पाल, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मंजू तिवारी, नवतेज पाल सिंह, रामनगीना, हरपाल सिंह, करन जंग आदि मौजूद थे।
