सितारगंज। सोशल मिडिया पर सड़क पर सरेआम मारपीट किये जाने के वायरल वीडियो पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। मामले की जांच के बाद आरोपियों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पाया कि 11 जनवरी को कुछ लोगों के बीच राजकीय इण्टर कालेज के सामने लगी ठेलियों में चाउमीन, मोमो खाने को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था। उसी दिन उक्त लोगों द्वारा राजीनामा भी कर लिये जाने की बात प्रकाश में आयी है। आज इसी वायरल विडियो के सम्बन्ध में उक्त लोगों में से छह को नकुलिया चौराहे के पास लोक अवदूषण फैलाने के आरोप में अन्तर्गत धारा 81 पी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में पूछताछ व चालान के बाद उक्त उपद्रवियों को थाने से समझा बुझाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार भविष्य में भी ऐसे उपद्रव फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।







