एसएसबी सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक ने किया 57वीं वाहिनी सितारगंज का भ्रमण
सितारगंज। सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार ने 57वीं वाहिनी सितारगंज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने वाहिनी के निर्माण कार्यों का जायजा लिया व आवश्यक दिशा निर्देश दिेये।
महानिरीक्षक अपने तीन दिवसीय भ्रमण के अंतर्गत 57वीं वाहिनी मुख्यालय पहुँचे। भ्रमण के दौरान महानिरीक्षक ने सीपीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन, अस्पताल, टाइप-चार एवं टाइप-पांच आवासीय क्वार्टर तथा एसटीपी परियोजना की प्रगति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अनिल कुमार शर्मा, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत, गंगा सिंह उदावत, कमांडेंट, 57वीं वाहिनी सहित वाहिनी एवं सीपीडब्ल्यूडी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने महानिरीक्षक को वाहिनी की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी। तत्पश्चात, महानिरीक्षक ने सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने जवानों को सजगता एवं तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने जवानों को उत्साह एवं समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। वर्तमान ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों के साथ दोपहर का भोजन किया और आहार में मोटे अनाज के उपयोग को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी मनोज कुमार, उप कमांडेंट निहारिका प्रियदर्शिनी राय, अनिल कुमार, दीपक तोमर, डॉ. सचिन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



