सितारगंज। राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितारगंज प्रथम में समर कैंप शुरू हो गया। कैंप का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि समाजसेवी महेश मित्तल एवं प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं कुमाऊंनी भाषा में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों ने लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कुमाऊंनी भाषा एवं संस्कृति की समृद्ध विरासत का सुंदर प्रदर्शन किया। मित्तल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए स्थानीय संस्कृति, भाषा एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार,बीआरपी दीपिका गुणवंत शिक्षक शिक्षिकाए उपस्थित रहे।



