सितारगंज। प्रदेश जिला पंचायत सदस्य संगठन उत्तराखंड की वर्चुअल बैठक में राज्य में जिला योजना समिति के चुनाव शीघ्र कराया जाने व जिला पंचायत सदस्यों का मानदेय तीस हजार रुपये प्रति माह किये जाने की मांग की गई।
संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल ने की। कार्यकारिणी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रांगड़ ने जिला योजना समिति के चुनाव न होने पर खेद व्यक्त किया। जिला पंचायत सदस्यों ने अवगत कराया कि चमोली व रुद्रप्रयाग जनपद में जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन नहीं किया गया है। परंतु अन्य सभी जनपदों में जिला योजना की बैठक को बिना जिला योजना समितियों के गठन के कराया गया। जिस पर सदस्यों ने खेद व्यक्त किया। जिला पंचायत अध्यक्ष को जिला योजना बैठक के सदस्य के रूप में सम्मिलित करने पर खेद जताया कहा गया कि यदि जिला योजना समिति गठित होती तो वे अध्यक्ष के रूप में सम्मिलित होते। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री अजयवीर सिंह ने किया। जिला पंचायत सदस्य चमोली सुरेश कुमार बिष्ट ने जिला पंचायत समिति के गठन के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का प्रस्ताव रखा बैठक में उपस्थित समस्त सदस्यों द्वारा अनुमोदन किया। इस पर निश्चित तिथि व समय पर पूरे उत्तराखंड के जिला मजिस्ट्रेट को जिला पंचायत सदस्य संगठन माध्यम से ज्ञापन प्रेषित करने की सहमति बनी। जिला पंचायत सदस्य चमोली उर्मिला बिष्ट ने जिला योजना से कोटेशन के माध्यम से ढाई लाख तक के कार्यों की सीमा 5 लाख तक बढ़ाए जाने की मांग रखी। जिला पंचायत सदस्य बागेश्वर बलवंत सिंह नेगी ने जिला योजना में जिला पंचायत सदस्यों की योजनाओं को सम्मिलित न करने पर रोष व्यक्त किया तथा जिला पंचायत में आने वाली समस्त प्रकार की निधियों का सभी सदस्यों में सामान्य वितरण करने की मांग रखी। प्रदेश महामंत्री अनूप राज ने शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करने का प्रस्ताव रखा। प्रदेश सचिव दीपेंद्र कोहली ने जिला योजना में प्रस्ताव को सम्मिलित करने हेतु विभिन्न योजनाओं की अर्हताओ के विषय में प्रकाश डाला। इस दौरान मांग की गई कि जिला योजना समिति के चुनाव शीघ्र कराये जायें। साथ ही जिला पंचायत सदस्यों का मानदेय 30000 प्रति माह करने, विधायक निधि की तर्ज पर प्रत्येक जिला पंचायत सदस्य हेतु जिला पंचायत निधि की भी घोषणा करने, उत्तराखंड में पंचायत कल्याण कोष की स्थापना करने ताकि अप्रिय घटना घटित होने पर संबंधित जिला पंचायत सदस्य को 5 लाख की धनराशि दी जाए व जिला योजना में कोटेशन के माध्यम से होने वाले ढाई लाख तक के कार्यों की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख करने की मांग भी की गई। प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल ने कहा कि उक्त मांग पत्र को प्रत्येक जनपद के जिला पंचायत सदस्य संगठन एक समान प्रदेश स्तरीय लेटर पैड में संबंधित जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष से हस्ताक्षरित कराते हुए 11 मई समय 11 बजे को संबंधित जनपद के जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री व पंचायती राज मंत्री को प्रेषित करेंगे। बैठक में शिशुपाल सिंह, सुनील प्रसाद, हुकुम सिंह, अजय वीर सिंह, गंभीर सिंह, माया देवी, बलवंत सिंह नेगी, मधु राणा, शिल्पी सिंह, राहुल सिंह, अंजली जोशी आदि मौजूद रहे।



